तीसरी बार मुझे राजस्थान का CM बनाया गया, OBC के लिए इससे बड़ा संदेश क्या होगा: गहलोत

जयपुर : राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने रविवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर पलटवार किया। बीजेपी की ओर से ओबीसी वर्ग का अपमान किए जाने की बात कहे जाने के बाद सीएम ने विपक्ष पर निशाना साधा। गहलोत ने दिल्ली के राजघाट पर कांग्रेस के एक दिवसीय ‘संकल्प सत्याग्रह’ में सभा संबोधित करते हुए अपनी बात रखी। गहलोत ने कहा कि कांग्रेस ने पिछड़े वर्गों के लिए बहुत कुछ किया है। इसका इससे बड़ा उदाहरण क्या होगा कि उसने उनके जैसे ओबीसी नेता को तीसरी बार मुख्यमंत्री बनाया है। राजस्थान के मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल भी ओबीसी समुदाय से आते हैं।बता दें कि राहुल गांधी को गुरुवार को सूरत की एक अदालत ने 2019 के आपराधिक मानहानि मामले में ‘मोदी उपनाम’ वाली टिप्पणी के लिए दो साल जेल की सजा सुनाई है। बाद में उन्हें दोषी करार दिये जाने की तारीख से लोकसभा से अयोग्य करार दे दिया गया। इसके बाद भाजपा प्रमुख जे पी नड्डा सहित पार्टी के कई नेताओं ने गांधी पर अपनी टिप्पणी के जरिए अन्य पिछड़ा वर्ग का अपमान करने का आरोप लगाया है।

ओबीसी के नाम पर गुमराह कर रही बीजेपी

सीएम ने आगे कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 2017 में गुजरात चुनाव में यह कहकर एक ‘प्रयोग’ किया था। इसमें कांग्रेस के एक नेता ने उन्हें उनकी जाति के बारे में गाली दी थी। गहलोत ने कहा कि और उसी को दोहराते हुए, भाजपा चुनाव से पहले फिर से दावा कर रही है कि राहुल गांधी ने ओबीसी का अपमान किया। उन्होंने आरोप लगाया, कि ‘2017 में जब भाजपा गुजरात चुनाव हार रही थी, तब मोदी ने वहां कांग्रेस के खिलाफ ओबीसी कार्ड खेला था। भाजपा आज फिर से ओबीसी को गुमराह करने का अभियान चलाना चाहती है।’

ओबीसी वर्ग को तीसरी बार मुख्यमंत्री बनाया

उन्होंने सवाल किया कि क्या नीरव मोदी और ललित मोदी जैसे भगोड़े ओबीसी हैं। मुख्यमंत्री ने कहा, ‘आप नीरव मोदी और ललित मोदी जैसे भगोड़ों को बचा रहे हैं और फिर कह रहे हैं कि राहुल गांधी ने ओबीसी का अपमान किया है।’गहलोत ने कहा कि क्या कोई भूल सकता है कि कांग्रेस ने ओबीसी और अनुसूचित जाति (एससी), अनुसूचित जनजाति (एसटी) के लिए कितना कुछ किया है। गहलोत ने कहा, ‘मुझे सोनिया जी, राहुल जी ने तीसरी बार मुख्यमंत्री बनाया। मैं ओबीसी हूं। ओबीसी माली समुदाय (विधानसभा में) का केवल एक सदस्य है और वह मैं हूं।’

गहलोत ने कहा कि उन्हें लगातार मुख्यमंत्री बनाए जाने से बड़ा संदेश वहां के ओबीसी के लिए क्या हो सकता है। राजस्थान के मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया, ‘चुनाव होने वाले हैं, इसलिए भाजपा ओबीसी अपमान का मुद्दा बना रही है। यह निराधार है।’

चोर कह कर कौन सी गलती कर दी? राहुल गांधी की सदस्यता जाने से उखड़े गहलोत के मंत्री, जानें क्या कहा

गांधी परिवार का बलिदान सबके सामने

कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने भी भाजपा के ओबीसी के संबंध में आरोप पर गहलोत की टिप्पणी का एक वीडियो ट्वीट किया। रमेश ने ट्वीट किया, ‘कथनी और करनी में फर्क। 1992 में कांग्रेस सरकार ने मंडल कमीशन लागू किया। 2006 में कांग्रेस सरकार ने उच्च शिक्षा में ओबीसी के लिए आरक्षण का प्रावधान किया। 2011-12 के दौरान कांग्रेस सरकार में लगभग 25 करोड़ परिवारों की जाति जनगणना हुई। जबकि भाजपा ने जाति जनगणना को रोक दिया है।’ गहलोत ने कहा कि गांधी परिवार का बलिदान सबके सामने है। राहुल गांधी लगातार बेरोजगारी और ऊंची कीमतों का मुद्दा उठा रहे हैं।

गहलोत ने कहा, ‘वे राहुल गांधी द्वारा संसद में लगाए गए आरोपों का जवाब नहीं दे सके। मैंने पहले कभी नहीं देखा कि आरोप लगाए जाते हैं, लेकिन जवाब देने के बजाय प्रधानमंत्री मौन व्रत साध लेते हैं।’ गहलोत ने कहा कि प्रधानमंत्री को जवाब देना चाहिए और माफी मांगनी चाहिए। उन्होंने कहा, ‘राहुल गांधी देश की आवाज बनकर उभरे हैं। हम यह सुनिश्चित करने के लिए लड़ते रहेंगे कि देश में लोकतंत्र जिंदा रहे।’

PM मोदी को सद्बुद्धि देने की प्रार्थना, जानिए अजमेर में कैसे कांग्रेस ने किया प्रदर्शन

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published.