Delhi-NCR Weather: गर्मी नहीं बारिश के लिए निकालना पड़ सकता है छाता, बदलने वाला है दिल्ली-NCR का मौसम

नई दिल्ली: मार्च के महीने में चढ़ते पारे से परेशान दिल्ली-एनसीआर के लोगों के लिए राहत भरी खबर आई है। गुरुवार सुबह की जैसी खुशनुमा शुरुआत हुई अगले कुछ दिनों तक अब ऐसे ही मौसम रहने वाला है। दिल्ली-एनसीआर में अगले कुछ दिनों तक बादल और हल्की बारिश का अनुमान है। यानी तेज धूप से इस पूरे हफ्ते राहत मिलने वाली है। साथ ही वह टेंशन भी थोड़े समय के लिए दूर हो गई है कि अप्रैल-मई के महीने में क्या होगा। दिल्ली और उसके आसपास के इलाकों में अगले पांच-छह दिनों तक आसमान में बादल छाए रहने और हल्की बारिश होने के आसार हैं। जिससे चढ़ते पारे पर लगाम लगेगी।

भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के एक अधिकारी ने बताया कि हिमालयी क्षेत्र के ऊपर एक पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय है, जिससे उत्तर-पश्चिम भारत में अगले कुछ दिनों तक हल्की बारिश होने की संभावना है। अधिकारी के मुताबिक, दिल्ली में अगले पांच से छह दिनों तक हल्की बारिश होने का अनुमान है और अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है।

गुरुवार दिनभर हवा चलती रही, जिससे तापमान में गिरावट भी आई। हालांकि कुछ समय बाद मौसम साफ होने से तेज धूप निकल आई। दिल्ली के प्रमुख मौसम केंद्र सफदरजंग में बुधवार को अधिकतम तापमान 34.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था, जो सामान्य से पांच डिग्री ज्यादा और इस वर्ष का अब तक का सबसे अधिक तापमान है। मंगलवार को राष्ट्रीय राजधानी में अधिकतम तापमान 33.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।

मौसम विभाग के अनुसार 17 से 20 मार्च तक तापमान 30 डिग्री के ऊपर नहीं जाएगा और ऐसा पहली बार मार्च के महीने में होगा। तापमान मार्च में पहली बार सामान्य स्तर पर पहुंचने की संभावना है। वहीं न्यूनतम तापमान 18 डिग्री के आसपास रहेगा। 21 मार्च से मौसम में फिर थोड़ा बदलाव देखने को मिलेगा। कई साल बाद फरवरी और मार्च के शुरुआती दिनों में तेज गर्मी का असर देखने को मिला।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published.